भाटपचलाना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: किसानों को झांसा देकर हड़पे 20 ट्रैक्टर बरामद, 1.80 करोड़ की ठगी का खुलासा
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के अंतर्गत आने वाले थाना भाटपचलाना क्षेत्र में पुलिस ने किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर बदमाश को दबोचने में बड़ी कामयाबी हासिल की है।
आरोपी रफीक पटेल ने ग्रामीण इलाकों के सीधे-सादे किसानों को किराये का लालच देकर उनके ट्रैक्टर हड़प लिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के 20 ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम माधोपुरा निवासी आरोपी रफीक पिता गनी मोहम्मद किसानों को यह झांसा देता था कि वह उनके ट्रैक्टर किराये पर चलवाकर उन्हें हर महीने मोटी रकम देगा। मुनाफे की उम्मीद में किसान अपने ट्रैक्टर उसे सौंप देते थे,
जिसके बाद आरोपी इन ट्रैक्टरों को दुर्गम इलाकों में ले जाकर या तो बेच देता था या गिरवी रखकर खुद मुनाफा कमाता था। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और एएसपी आकांक्षा खलोटे के मार्गदर्शन में घेराबंदी कर इस जालसाज को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इस बड़ी सफलता में उप निरीक्षक प्रवीण यादव, राजवीर चौहान, शैलेंद्र सिंह सिसोदिया सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस बड़े गिरोह में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।






Comments
Post a Comment