नेशनल टास्क फोर्स से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
भारत सागर न्यूज/देवास। महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय में अप्रैल माह में नेशनल टास्क फोर्स से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को आत्महत्या रोकथाम हेतु चेतावनी संकेतों की पहचान पर एक सत्र आयोजित किया गया।
इस दौरान छात्राओं को “मैनहित ऐप” के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे डिजिटल माध्यम से अपनी मानसिक समस्याएँ साझा कर सकें। 17 अप्रैल 2026 को छात्राओं के लिए एक मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें काउंसलर अपर्णा वर्मा ने मार्गदर्शन दिया।
टेली-मानस सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर महाविद्यालय परिसर के 10 प्रमुख स्थानों पर दीवारों पर लिखवाए गए, ताकि छात्राएँ आवश्यकता पड़ने पर इनसे सहायता ले सकें। छात्राओं ने नशामुक्त अभियान के अंतर्गत पोस्टर बनाए और यह संकल्प लिया कि वे नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगी। बड़ी संख्या में छात्राओं के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (एबीएचए) कार्ड भी बनाए गए।
पीयर सपोर्ट ग्रुप की बैठक में चर्चा की गई कि छात्राएँ व्यक्तिगत और करियर से जुड़ी समस्याओं का सामना अधिक करती हैं और काउंसलिंग से उन्हें लाभ मिला है। साथ ही, अधिक से अधिक छात्राओं को अपनी समस्याएँ मित्रों, गार्डियन ट्यूटर और काउंसलर के साथ साझा करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
लक्ष्य निर्धारण पर एक प्रेरणादायक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को एक निश्चित लक्ष्य तय कर उस पर पूरी मेहनत और लगन से काम करने के लिए प्रेरित किया गया। गार्डियन ट्यूटरों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त, महाविद्यालय में नियमित रूप से काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी छात्रा मानसिक समस्याओं से अकेले न जूझे। काउंसलिंग के संबंध में सभी छात्राओं से फीडबैक भी लिया गया। इन सभी गतिविधियों का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. घनश्याम दास सोनी के मार्गदर्शन में, एनटीएफ समिति तथा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।
.jpeg)




Comments
Post a Comment