श्री महाकालेश्वर मंदिर में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, समय सीमा में पूर्ण करने एवं ग्रीष्म ऋतु में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के निर्देश
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। अध्यक्ष एवं कलेक्टर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति रोशन कुमार सिंह तथा श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के आंतरिक एवं बाहरी परिसर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं अध्यक्ष ने श्री महाकालेश्वर मंदिर के सामने मुख्य प्रवेश मार्ग से लेकर महाराजवाड़ा की ओर जाने वाली 24 मीटर रोड निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी श्रावण मास को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर परिसर, महाराजवाड़ा, बड़ा गणेश, महाकाल रोड, 24 खंबा रोड एवं आसपास चल रहे सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए।
कलेक्टर एवं अध्यक्ष ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दर्शन पथ पर आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा सुरक्षा एवं सुविधा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
ग्रीष्म ऋतु में गर्मी को ध्यान में रखते हुए दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु संपूर्ण दर्शन पथ पर छाया, फॉगिंग सिस्टम, मेटिंग एवं पेयजल व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त, निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्यों को 24 घंटे निरंतर संचालित करते हुए निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।







Comments
Post a Comment