उज्जैन में नाली निर्माण के सरिए पर गिरी बुजुर्ग महिला, पेट चीरकर दिल तक पहुंचा लोहा, महापौर ने अपनी देखरेख में कराया रेस्क्यू




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । शहर के देसाई नगर क्षेत्र में सोमवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया। सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण के दौरान एक बुजुर्ग महिला का पैर फिसल गया और वह सीधे सड़क किनारे खड़े नुकीले सरियों पर जा गिरी। 




हादसा इतना भयावह था कि एक सरिया महिला के पेट को चीरते हुए शरीर के भीतर करीब एक फीट तक घुस गया और दिल के बेहद करीब जा पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी मशक्कत के बाद सरिए को काटकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।




हादसे के वक्त देसाई नगर मार्ग से महापौर मुकेश टटवाल गुजर रहे थे। उन्होंने जब भीड़ देखी और महिला को गंभीर स्थिति में पाया, तो वे तुरंत वाहन से उतरे और बचाव कार्य की कमान संभाली। महापौर ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सरिया शरीर में बुरी तरह धंसा होने के कारण उसे हिलाना खतरनाक था। इसके बाद तत्काल कटर मशीन मंगवाई गई और बड़ी सावधानी से सरिया काटकर महिला को मुक्त कराया गया। महापौर खुद अपनी देखरेख में घायल महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को तत्काल उपचार के निर्देश दिए।




अस्पताल में डॉक्टर सुशील गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम महिला का जटिल ऑपरेशन कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल प्रेमलता शर्मा की स्थिति काफी नाजुक है क्योंकि लोहा दिल के बहुत पास पहुंच चुका है। 




एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर अत्यंत सावधानी से सरिया निकालने का प्रयास किया जा रहा है ताकि शरीर के आंतरिक अंगों को और अधिक क्षति न पहुंचे। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि बुजुर्ग महिला की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इसलिए नगर निगम उनके इलाज का पूरा खर्च वहन करेगा। फिलहाल, मेडिकल टीम महिला की जान बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।







Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा