ड्रीम सिटी कॉलोनी का रास्ता खोदे जाने पर चक्का जाम, 400 परिवार प्रभावित
भारत सागर न्यूज/देवास। गीता श्री मैनाश्री ड्रीम सिटी कॉलोनी में मुख्य मार्ग की खुदाई और पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के विरोध में रहवासियों ने चक्का जाम कर दिया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि निजी भूमि विवाद के चलते कॉलोनी का एकमात्र रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
रहवासी शिवान सिंह कुशवाह ने बताया कि मार्ग बंद होने से बच्चों को स्कूल जाने, कर्मचारियों को ड्यूटी पर पहुंचने और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं। साथ ही खुदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
सूचना मिलने पर पार्षद प्रतिनिधि संजय ठाकुर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ठाकुर ने कहा कि मार्ग और भूमि से जुड़े दस्तावेजों की जांच नगर निगम में कराई जाएगी तथा वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि करीब 400 परिवारों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर समझाइश दी गई और चक्का जाम समाप्त कराया गया। उन्होंने कहा कि मामला नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसी) से जुड़ा है। नगर निगम को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Comments
Post a Comment