सीसीटीवी की मदद से 7 दिन में खुली चोरी की गुत्थी, महिला आरोपी गिरफ्तार..!
भारत सागर न्यूज/देवास। उदयनगर थाना पुलिस ने हाट बाजार क्षेत्र में बैंक ग्राहक के झोले पर ब्लेड मारकर 60 हजार रुपये चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के महज सात दिन के भीतर आरोपी तक पहुंचकर मामले का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार पीपलपाटी निवासी चम्पालाल यादव 2 जून को ट्रैक्टर की किश्त जमा करने के लिए 60 हजार रुपये लेकर एसबीआई बैंक उदयनगर पहुंचे थे। बैंक में राशि जमा करने जाने के दौरान हाट बाजार की भीड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके झोले को ब्लेड से काटकर नकदी चोरी कर ली। फरियादी की शिकायत पर उदयनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पुनीत गेहलोद के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। ओर त्रिनेत्रम अभियान के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों व बैंक परिसर के फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक महिला संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दी। तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान सुधा सिसोदिया निवासी जिला राजगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को सलकनपुर, जिला सीहोर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई पूरी 60 हजार रुपये की राशि बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Comments
Post a Comment