चरित्र शंका में भतीजे ने रची चाचा की हत्या की साजिश, पत्नी और नाबालिग भाई के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट....!




भारत सागर न्यूज/बड़नगर/संजय शर्मा। उज्जैन पुलिस ने ग्राम पीरझलार निवासी गुमशुदा सुल्तान पटेल हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक के भतीजे, उसकी पत्नी और एक विधि-विरुद्ध बालक को आरोपी बनाया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोगरी, अन्य सामान तथा स्वीफ्ट कार जब्त कर ली है।




पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को पीरझलार निवासी 35 वर्षीय सुल्तान पिता अजरार पटेल के लापता होने की सूचना पर गुम इंसान कायम कर तलाश शुरू की गई थी। बाद में 6 जून को यशवंत सागर तालाब के पास झाड़ियों में बोरे में बंद एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। जांच में परिजनों ने कपड़ों और टूटे दांतों के आधार पर शव की पहचान सुल्तान पटेल के रूप में की।




वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि मृतक का भतीजा नौशाद पिता सादिक पटेल अपनी पत्नी मेमसना और एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ मिलकर हत्या की साजिश में शामिल था। नौशाद को अपने चाचा सुल्तान पटेल और पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का शक था।




पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ईद के दिन नौशाद ने सुल्तान पटेल को घर पर खाने के बहाने बुलाया। घर के अंदर चरित्र शंका को लेकर विवाद किया गया, जिसके बाद आरोपियों ने मोगरी से हमला कर तथा मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर स्वीफ्ट कार से ले जाकर चांदनखेड़ी के आगे यशवंत सागर डैम क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया गया।
घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी लगातार परिजनों के बीच मृतक और उसके भाई के बीच विवाद की झूठी कहानी फैलाते रहे। पुलिस ने 15 जून 2026 को मुख्य आरोपी नौशाद और उसकी पत्नी मेमसना को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), एसडीओपी बड़नगर तथा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंगार के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब दो सप्ताह में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा