जल सेवा से जताया विरोध, अब सुंदरकांड पाठ कर सरकार से लगाएंगे गुहार

 - 500 से ज्यादा संविदा स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित




भारत सागर न्यूज/देवास। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्यकर्मी अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। जिले के 500 से अधिक संविदा कर्मचारी कामकाज से दूर हैं, जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाएं और सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। 




संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि बुधवार को संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने शहर के सयाजी द्वार पर जल सेवा कर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन के तहत गुरुवार को सरकार की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड पाठ का आयोजन करने का निर्णय भी लिया गया है। 




संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 32 हजार संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी वर्षों पुरानी मांगों का अब तक निराकरण नहीं किया गया है। 




उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मांगों पर सहमति बनने के बावजूद पिछले एक वर्ष से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण की घोषणा का क्रियान्वयन, राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता, 




वेतन विसंगतियों का निराकरण, नियमित कर्मचारियों के समान अवकाश तथा समान कार्य के लिए समान वेतन और सुविधाएं शामिल हैं। संघ के अनुसार, 2 जून से जिले के सभी संविदा कर्मचारी विभागीय ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर रहे हैं। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग की कई योजनाओं और सेवाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। राजेश गुर्जर ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में गुरुवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश स्तर पर भोपाल में प्रदर्शन कर सरकार तक कर्मचारियों की आवाज पहुंचाई जाएगी। इस दौरान समस्त ब्लॉक अध्यक्ष सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा