एमजी अस्पताल में गंभीर लापरवाही का आरोप, बच्चे के शरीर में टूटी इंजेक्शन की सुई फंसी...!
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिले का एमजी अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। इस बार अस्पताल में उपचार के दौरान एक बच्चे के शरीर में इंजेक्शन की सुई टूटकर फंस जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए बच्चे को तत्काल इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार महेश टॉकीज क्षेत्र निवासी रघुराज अपने बेटे समक्ष को गर्दन में मोच आने के बाद उपचार के लिए एमजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे को इंजेक्शन लगाया गया, इसी दौरान इंजेक्शन की सुई टूटकर शरीर के अंदर रह गई। संदेह होने पर परिजनों ने बच्चे का एक्स-रे कराया, जिसमें सुई फंसी हुई दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने सुई निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजन बच्चे को इंदौर स्थित सीएचएल केयर अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन कर सुई निकालने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटनाक्रम में यदि परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदारी तय करता है या नहीं। बहरहाल परिजनों से टेलीफोनिक चर्चा करने पर उन्होंने स्वास्थ विभाग को शिकायत किए जाने की बात कही है।







Comments
Post a Comment