एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
भारत सागर न्यूज/देवास। संस्था एडवांस इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सोसायटी द्वारा विप्पी सोल्वेक्स कंपनी में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार तथा जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बैक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमरीन शेख के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के परियोजना प्रबंधक सैय्यद तस्कीन अली द्वारा की गई। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों एवं श्रमिकों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों तथा रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई), क्षय रोग (टीबी) तथा हेपेटाइटिस बी एवं सी के संबंध में भी जागरूक किया गया। उपस्थितजनों को टोल फ्री नंबर 1097 की जानकारी देते हुए एचआईवी/एड्स अधिनियम-2017 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉ. सतीश द्वारा सभी उपस्थित कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं परामर्शदाता मुकेश राठौर ने सभी प्रतिभागियों की व्यक्तिगत परामर्श सेवा प्रदान की तथा एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस बी एवं सी की निःशुल्क जांच की।
शिविर में उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई और जिला चिकित्सालय में एकीकृत परामर्श एवं परीक्षण केंद्र (आईसीटीसी) के माध्यम से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में कंपनी की ओर से मानव संसाधन विभाग प्रमुख चिंतामन मंकोडे, संतोष श्रीवास्तव सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे। वहीं संस्था की ओर से परियोजना प्रबंधक सैय्यद तस्कीन अली, निगरानी एवं मूल्यांकन अधिकारी आशीष सोनी, परामर्शदाता मुकेश, इम्तियाज, अजय, सुफियान एवं सपना ने सक्रिय सहभागिता निभाई।





Comments
Post a Comment