सीवरेज कार्य बना परेशानी का कारण, एमजी रोड पर जल संकट गहराया
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्र एमजी रोड पर चल रहे सीवरेज कार्य के कारण रहवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जेसीबी से की गई खुदाई के दौरान जलप्रदाय पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते पिछले दो माह से पानी की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित है।
रहवासियों के अनुसार नियमित जलप्रदाय नहीं होने से उन्हें निजी टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। सोमवार को भी क्षेत्र में जलप्रदाय शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन आनंद ज्वेलर्स के समीप सीवरेज कार्य के दौरान पाइपलाइन फूट जाने से सप्लाई फिर बाधित हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही तकनीकी समस्याओं के कारण उन्हें पेयजल के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। साथ ही दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। रहवासियों ने नगर निगम से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कर नियमित जलप्रदाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, सीवरेज कार्य के बाद एमजी रोड पर बड़ी मात्रा में मलबा भी जमा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले मलबे से आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने मलबा हटाकर सड़क को सुगम बनाने की भी मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्यों का लाभ तभी मिलेगा जब मूलभूत सुविधाएं बाधित न हों। उन्होंने संबंधित विभाग से जल संकट और सड़क पर फैली अव्यवस्था का जल्द समाधान करने की मांग की है।






Comments
Post a Comment