शेरा की रफ्तार का चला जादू, राष्ट्रीय बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में जीत ली बुलेट..!




भारत सागर न्यूज/सतवास (देवास)। देवास जिले के सतवास में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में ग्राम मगरिया के प्रसिद्ध बैल शेरा ने अपनी चीते जैसी रफ्तार से हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। करीब 24 घंटे तक चली इस रोमांचक प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आई 100 से अधिक बैलगाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए लगभग 25 हजार दर्शकों का जनसैलाब तालाब मैदान में उमड़ पड़ा।




प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण शेरा रहा, जिसकी लोकप्रियता दूर-दूर तक फैली हुई है। करीब सात माह पूर्व महाराष्ट्र में आयोजित एक प्रतिष्ठित बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में शेरा ने अपने मालिक पदम पटेल को जॉन डीयर ट्रैक्टर जिताकर सुर्खियां बटोरी थीं। 




इसके बाद से शेरा और उसके मालिक ने देवास जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। सतवास में भी बड़ी संख्या में लोग शेरा को देखने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए।




प्रतियोगिता में ग्राम मगरिया निवासी पदम पटेल की बैलों की जोड़ी शेरा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और पुरस्कार स्वरूप रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक अपने नाम की। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली जोड़ी को पल्सर मोटरसाइकिल, तृतीय स्थान पर रहने वाली जोड़ी को होंडा शाइन बाइक तथा चतुर्थ स्थान पर रही जोड़ी को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। वहीं पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली जोड़ियों को 11-11 हजार रुपए के नकद पुरस्कार दिए गए।




आयोजन ने न केवल खेल प्रेमियों को रोमांचित किया बल्कि ग्रामीण संस्कृति और विलुप्त होती पारंपरिक खेल विरासत को भी नया जीवन दिया। इस खेल के माध्यम से आयोजकों ने पशु और मानव के बीच प्रेम, सहयोग और विश्वास के रिश्ते को भी मजबूती प्रदान की है।




Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा