उदयनगर मेला पार्किंग में युवक पर जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार...
भारत सागर न्यूज/देवास। उदयनगर मेले की पार्किंग में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून की रात मगरादेह निवासी दिवान कन्नोजे अपने भाई संजय कन्नोजे और मित्र करण सिसोदिया के साथ उदयनगर मेला देखने गया था। रात करीब 9 बजे जब वे मेला पार्किंग से अपनी मोटरसाइकिल निकाल रहे थे, तभी इमलीपुरा निवासी गोरेलाल चौहान वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने संजय कन्नोजे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ने मौके से भागने से पहले जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उदयनगर पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 260/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरनारायण बाथम एवं एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोरेलाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तथा गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं आमजन से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील की गई है।



Comments
Post a Comment