एक माह बाद भी नहीं खुली लाखो चोरी की गुत्थी, पीड़ित परिवार ने एसपी और कलेक्टर से लगाई गुहार





भारत सागर न्यूज/देवास। जिले की बागली के वार्ड क्रमांक 14 निवासी रेखा पति राजा अजमेरा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर को आवेदन सौंपकर उनके घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करने और चोरी गए जेवरात व नकदी बरामद कराने की मांग की है। आवेदन में श्रीमती अजमेरा ने बताया कि 24 मई 2026 की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। 




अगले दिन सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर की दो अलमारियों के लॉकर टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से करीब 90 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होना पाए गए। पीड़ित परिवार के अनुसार घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। 




मामले में पुलिस थाना बागली में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0245/2026, दिनांक 25 मई 2026 को दर्ज कराई गई थी। हालांकि, घटना के एक माह बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अब तक अज्ञात चोरों की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। 



पीड़ित परिवार ने नगर के प्रमुख चौराहों एवं निजी मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने तथा चोरी गई सामग्री बरामद कराने की मांग की है। 




श्रीमती अजमेरा ने बताया कि उनका परिवार मध्यमवर्गीय है और मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करता है। चोरी की इस घटना से परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित महिला ने एसपी और कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा