लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस : नपाध्यक्ष गेहलोत
भारत सागर न्यूज/नागदा । नगर पालिका परिषद नागदा की अध्यक्ष श्रीमती संतोषी ओ.पी. गेहलोत के निर्देश एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी के आदेशानुसार सहायक यंत्री रविंद्र मंडलोई द्वारा नगर पालिका के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयीन अनुशासन को सुदृढ़ करना तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्रेस कोड का पालन, समय पर कार्यालय आगमन एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए तथा कुछ कर्मचारियों द्वारा ड्रेस कोड का पालन नहीं किया गया। ऐसे कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने एवं कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक यंत्री रविंद्र मंडलोई ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्यसंस्कृति एवं जवाबदेही को मजबूत बनाने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इससे कार्यालयीन व्यवस्था में सुधार होगा तथा नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोषी ओ.पी. गेहलोत ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों की जवाबदेही एवं अनुशासन सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनहितकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा, सभापति श्रीमती भावना रावल, श्रीमती बबिता रघुवंशी, गौरव यादव, श्रीमती रामकुंवर विजयसिंह सिसोदिया, श्रीमती देवकुंवर पटेल, प्रकाश जैन, श्रीमती कौशल्या रघुनाथ सिंह ठाकुर सहित समस्त परिषद सदस्य नगर में संचालित विकास एवं जनहित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।





Comments
Post a Comment