देवास पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, कथा-प्रवचन में महिलाओं को निशाना बनाने वाली अंतरराज्यीय गैंग का किया पर्दाफाश..!
भारत सागर न्यूज/देवास। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम की मदद से पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जो मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं और दिल्ली से अपने गिरोह का संचालन कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिला सदस्य भागवत कथा, प्रवचन, मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर शामिल होती थीं।
भीड़भाड़ और आरती के दौरान ये महिलाएं बड़ी सफाई से महिलाओं के गले से सोने की चैन निकाल लेती थीं। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से निकल जाते थे और कुछ दूरी पर खड़ी अपनी लग्जरी कार में बैठकर फरार हो जाते थे।
देवास में 10 जून को श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हुई चैन चोरी की घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि आरोपी घटना के बाद करीब 500 मीटर पैदल चले, फिर ऑटो से हाईवे तक पहुंचे और वहां से अपनी कार में बैठकर निकल गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से भोपाल में दबिश देकर पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर और देवास में कुल नौ चैन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ सोने की चैन, जिनका वजन करीब 156 ग्राम है, एक टाटा हेक्सा कार, छह मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 50 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन से देशभर में आयोजित होने वाले कई धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी भी मिली है, जिनमें ये आगे वारदात करने की तैयारी कर रहे थे।






Comments
Post a Comment