शिप्रा नदी में दर्दनाक हादसा: महिदपुर में हादसा काका भतीजे की डूबने से मौत चप्पल निकालने मे हुआ हादसा
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। महिदपुर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ शिप्रा नदी के बड़े पुल पर एक छोटी सी लापरवाही ने दो जिंदगियाँ खत्म कर दीं। नदी में गिरी चप्पल को निकालने के प्रयास में काका और भतीजे दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला ।
यह घटना महिदपुर नगर की शिप्रा नदी के बड़े पुल की है। जहां नारायण खेड़ी निवासी आयुष जो कि पानी सप्लाई का काम करता था, उसकी चप्पल अचानक नदी के किनारे गिर गई। अपनी चप्पल निकालने के लिए आयुष ने बिना सोचे-समझे बड़ी पुलिया से नदी में छलांग लगा दी।
आयुष को पानी में डूबता देख पास ही मौजूद उसके काका आसाराम ने बिना वक्त गंवाए अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और भतीजे की जान बचाने के लिए उसने भी तुरंत नदी में छलांग लगा दी। लेकिन अफसोस, नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही महिदपुर पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब ढाई घंटे की भारी मशक्कत के बाद काका और भतीजे दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला जा सका। महिदपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महिदपुर के शासकीय चिकित्सालय पहुंचा दिया है।




Comments
Post a Comment