राम नाम से मनुष्य जीवन का कल्याण हो जाता है- स्वामी रमणराम महाराज
- नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की... भजन की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे
भारत सागर न्यूज/देवास। मेड़ता धाम के पीठाधीश्वर श्रीश्री 108 रामकिशोरजी महाराज के सानिध्य में राजाराम नगर एवं मुखर्जी नगर श्रीराम उद्यान में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन स्वामी रमणरामजी महाराज ने विचार प्रकट करते हुए कहा कि भगवान से प्रीति लगाए रखिए। किसी भी मंत्र की साधना करते हैं तो उनके अनेक नियम रहते हैं।
लेकिन राम नाम लेने का कोई नियम नहीं है। चलते-फिरते जैसी भी स्थिति में हो राम नाम लेते रहे। परमात्मा आपका कल्याण कर देगा। राम नाम से मनुष्य जीवन का कल्याण हो जाता है। हमें परमात्मा ने प्रतिदिन 21 हजार 600 सांसे दी है। 24 घंटे में अगर इतनी बार नाम नहीं ले पाओ तो 21 बार तो भगवान का नाम सुमिरण कर लो। एक घड़ी आधी घड़ी आधी में पुनि आध।
आधा घंटे बैठ जाओ 15 मिनट सुमिरण कर लो, 15 मिनट भी भगवान के लिए नहीं निकाल सकते तो माला जप छोड़ दो। फिर कर्मों के अनुसार फल मिल जाएगा। जीवन में नाम साधना चलती रहना चाहिए, हर सफर का किनारा मिलेगा। चमकता हुआ सितारा मिलेगा। चेहरे पर आएगी जिस दिन रौनक श्याम प्यारा मिलेगा। भगवान श्याम दर्शन प्राप्त हो जाएगा। आगे कहा कि जीवन में हम कथा के माध्यम से अगर आकर बैठे हैं तो नाम जपते रहे। भगवान के दर्शन में रहे। क्योंकि यही आपके साथ में जाएगा और कुछ नहीं। कथा पंडाल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। महिलाओं द्वारा बधाई गीत गाए गए। भगवान श्रीकृष्ण को बाल रूप में कथा पंडाल में ढोल धमाके के साथ लाए। वासुदेव के रूप में अंतरसिंह ठाकुर ने मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। महाराजश्री द्वारा नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की भक्ति गीत की सुमधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूमने लगे। आयोजक मंडल के दिलीप हीरामणि सोनी, सावन सोनी, नेहा सोनी, पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार, पार्षद अहिल्या बाई पवार, दीपक दीप्ती बैस, अरुणा सेंधव, मंजू पटेल, कविता चौहान, अर्चना चौहान, सोनू राठौर, शिवकुमारी भारद्वाज, शिला भारद्वाज एवं महिला मंडल ने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर महाआरती की। सैकड़ों धर्म प्रेमियों ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया।



Comments
Post a Comment