श्री खेड़ापति सरकार बनेंगे भगवान जगन्नाथ के सेवक, 16 जुलाई को मंदिर में होगा विशेष श्रृंगार एवं सेवा महोत्सव
भारत सागर न्यूज/ देवास। महात्मा गांधी मार्ग स्थित श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री जगन्नाथपुरी की परंपरा से प्रेरित विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा श्री खेड़ापति सरकार को भगवान श्री जगन्नाथ के सेवक स्वरूप में विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को अद्भुत एवं मनोहारी दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर के पुजारी दर्शन उपाध्याय एवं पुजारी तृपतेश उपाध्याय ने बताया कि इस पावन अवसर पर श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की सेवा भावना का अनुभव करते हुए श्री खेड़ापति सरकार के विशेष दर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ की भक्ति एवं सेवा से जोड़ना है। रात्रि आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में दत्तात्रय पाठक, दिनेश वर्मा, राहुल चड़ोकर, सौरभ पांचाल, निलेश जायसवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं भक्तजन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
मंदिर में विशेष सजावट एवं आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे 16 जुलाई को श्री खेड़ापति मारुति मंदिर पहुंचकर बाबा श्री खेड़ापति सरकार के विशेष श्रृंगार के दर्शन करें, भगवान जगन्नाथ की सेवा भावना का पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा रात्रि आरती एवं खिचड़ी प्रसाद में सहभागी बनें।



Comments
Post a Comment