21 फीट ऊंचे पुष्प-सज्जित रथ पर विराजेंगे भगवान जगन्नाथ, इस्कॉन आज निकलेगा रथ यात्रा, विदेशी भक्त भी होंगे शामिल

 




भारत सागर न्यूज/देवास। इस्कॉन देवास द्वारा मंगलवार, 21 जुलाई को भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा दोपहर 3 बजे रामनगर स्थित रामेश्वर धाम मंदिर से प्रारंभ होकर नयापुरा स्थित लक्ष्मी नारायण धर्मशाला तक पहुंचेगी। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस्कॉन देवास के अध्यक्ष आनंदमय प्रभु ने बताया कि यात्रा का मुख्य आकर्षण 21 फीट ऊंचा भव्य रथ होगा, जिसमें भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी विराजमान रहेंगे। 



रथ को 15 प्रकार के ताज़े एवं सुगंधित फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। पूरे मार्ग में भक्तगण हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए भगवान के जयघोष के साथ आगे बढ़ेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की रथ यात्रा में ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के शिष्य परम पूज्य महामना प्रभु एवं प्राणेश्वर प्रभु की दिव्य उपस्थिति रहेगी। साथ ही यूक्रेन और फिलीपींस से आए विदेशी भक्त भी इस भव्य आध्यात्मिक उत्सव में सहभागिता करेंगे, जो आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेगा। 



रथ यात्रा के समापन पर लक्ष्मी नारायण धर्मशाला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। इस्कॉन देवास ने शहर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस दिव्य रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करें, संकीर्तन में भाग लें तथा महाप्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद एवं भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा