गुरु पूर्णिमा से पहले भैरव महाराज मंदिर का मार्ग खुलवाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन - 40-50 गांवों की आस्था से जुड़ा भैरव महाराज मंदिर, मार्ग अवरुद्ध होने पर श्रद्धालुओं में रोष

 




भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम जेतपुरा स्थित प्राचीन भैरव महाराज मंदिर तक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग को तत्काल खुलवाने तथा स्थायी रूप से पक्का मार्ग निर्माण कराने की मांग को लेकर समस्त श्रद्धालुओं, धाकड़ समाज, मालवीय समाज एवं क्षेत्र के लगभग 40-50 ग्रामों के नागरिकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि देवास-भोपाल रोड स्थित सेंट्रल मालवा स्कूल के पीछे छोटी कालीसिंध नदी के किनारे प्राचीन भैरव महाराज मंदिर स्थित है, जहां वर्षों से आसपास के 40-50 गांवों के हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं। यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि हाल के समय में मंदिर तक पहुंचने वाला प्राचीन सार्वजनिक मार्ग सेंट्रल मालवा स्कूल एवं सिद्धि विनायक कंस्ट्रक्शन द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है। स्कूल की नई बाउंड्री वॉल तथा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा लगाए गए गेट के कारण श्रद्धालुओं एवं वाहनों का मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।



 ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि यदि शासकीय भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण हुआ हो तो उसकी जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। यदि समय रहते मार्ग नहीं खोला गया तो श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बन सकती है। 



श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर तक जाने वाले प्राचीन सार्वजनिक मार्ग का सीमांकन कर तत्काल सभी अवरोध हटाए जाएं अथवा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सिद्धि विनायक कंस्ट्रक्शन द्वारा लगाए गए गेट को हटाने, शासकीय भूमि पर संभावित अतिक्रमण की जांच कराने तथा मंदिर तक स्थायी पक्का मार्ग निर्मित कराने की कार्रवाई गुरु पूर्णिमा से पूर्व सुनिश्चित की जाए। 



ज्ञापन की प्रतिलिपि संभागायुक्त उज्जैन, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार एवं बैंक नोट प्रेस थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा