40-50 गांवों की आस्था पर लगा अवरोध, मंदिर मार्ग खोलने की मांग कर दिया आवेदन
भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम जेतपुरा स्थित प्राचीन भैरव महाराज मंदिर तक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग को तत्काल खुलवाने एवं स्थायी रूप से पक्का मार्ग निर्माण कराने की मांग को लेकर हिन्दू जागरण मंच, समस्त श्रद्धालुओं, धाकड़ समाज, मालवीय समाज ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि देवास-भोपाल रोड स्थित सेंट्रल मालवा स्कूल के पीछे छोटी कालीसिंध नदी के किनारे स्थित भैरव महाराज मंदिर वर्षों पुराना धार्मिक स्थल है, जहां आसपास के 40-50 गांवों से हजारों श्रद्धालु नियमित रूप से दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि हाल के समय में मंदिर तक जाने वाला प्राचीन सार्वजनिक मार्ग सेंट्रल मालवा स्कूल की बाउंड्री वॉल तथा सिद्धि विनायक कंस्ट्रक्शन द्वारा लगाए गए गेट के कारण अवरुद्ध हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं और वाहनों का मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। आवेदन में यह भी मांग की गई कि यदि सेंट्रल मालवा स्कूल की बाउंड्री वॉल या अन्य किसी निर्माण से शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हुआ हो तो उसकी विधिसम्मत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही सिद्धि विनायक कंस्ट्रक्शन द्वारा लगाए गए गेट को हटाकर मंदिर तक जाने वाला वर्षों पुराना सार्वजनिक मार्ग पुनः खोला जाए।
श्रद्धालुओं ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। यदि समय रहते मार्ग नहीं खोला गया तो श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होने की आशंका है। आवेदन में प्रशासन से मांग की गई है कि गुरु पूर्णिमा से पूर्व मंदिर तक जाने वाले मार्ग का सीमांकन कर सभी अवरोध हटाए जाएं अथवा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर तक स्थायी पक्का मार्ग भी निर्मित कराया जाए। हिंदू जागरण मंच द्वारा पूर्व में भी आवेदन दिया गया, लेकिन मंदिर मार्ग का निराकरण नहीं निकला। आवेदन की प्रतिलिपि संभागायुक्त उज्जैन, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार तथा बैंक नोट प्रेस थाना प्रभारी को भी प्रेषित की है।




Comments
Post a Comment