6वीं जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
भारत सागर न्यूज/देवास। कराटे एसोसिएशन ऑफ देवास द्वारा आयोजित 6वीं जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का भव्य आयोजन भोपाल रोड स्थित सन थोम अकादमी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं कराटे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कराटे एसोसिएशन ऑफ देवास के अध्यक्ष एवं कराटे इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवास महाराज विक्रमसिंह पवार ने सभी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को प्रतियोगिता की सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजेश यादव (एल्डरमैन), हरीश देवलिया (एल्डरमैन), खेल प्रकोष्ठ के आकाश अवस्थी, समाजसेवी जितेन वर्मा, पार्षदपति संजय सेंधव, सन थोम अकादमी के प्राचार्य पुनीत उपाध्याय, अखिलेश माली, विद्यालय के खेल शिक्षक सौरभ, देवराज संगठन के दीपक बामनिया, यज्ञेश चौधरी, सचिन परिहार, राजीव चौहान, यश मकवाना, हिमांशु चौधरी, यश शर्मा, राहुल वर्मा, अमीषा पटेल, कृति बेस, अंजलि दवे, भूमि पटेल, कोमल एवं स्वाति सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शारीरिक फिटनेस का सशक्त माध्यम है। कराटे एसोसिएशन ऑफ देवास के सचिव आतिश माली ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा कराटे के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाना है। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



Comments
Post a Comment