सीईओ ज्योति शर्मा की अध्यक्षता में जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की समीक्षा बैठक हुई आयोजित...
भारत सागर न्यूज/ देवास। जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की मासिक समीक्षा बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास ज्योति शर्मा की अध्यक्षता में जिला पंचायत देवास सभाकक्ष में आयोजित की गई। सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और नियमितता को बढ़ावा देने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों का लगातार और सघन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि हर महीने किस अधिकारी ने कितने निरीक्षण किए हैं, इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी।
सीईओ ज्योति शर्मा ने समस्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए अभ्यास पुस्तिका की उपलब्धता सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने ब्लॉक संसाधन केंद्र समन्वयक (बीआरसीसी) को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा है कि वे इसकी नियमित रूप से ट्रैकिंग करें ताकि किसी भी स्कूल में पाठ्य सामग्री की कमी न हो। शैक्षणिक सुधारों को गति देने के लिए सीईओ ज्योति शर्मा ने निर्देश दिए कि जुलाई माह में आयोजित होने वाली सभी विकासखंड स्तरीय बीआरसीसी-बीपीएमयू बैठकों में मुख्य एजेंडा 'एफएलएन' (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी - बुनियादी साक्षरता और संख्याज्ञान) होना चाहिए।
बैठक में वार्षिक मूल्यांकन के आंकड़ों पर चर्चा के दौरान सामने आया कि विद्यार्थियों का मौखिक कौशल काफी संतोषजनक है, लेकिन लेखन और उच्च-स्तरीय दक्षताओं में अभी सुधार की काफी गुंजाइश है। इस पर विशेष जोर देते हुए सीईओ ज्योति शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि लेखन में आ रही यह कमी विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता की कमी नहीं है, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि हमें कक्षा शिक्षण के स्तर को और अधिक सुधारना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक बच्चों की लेखन शैली और तार्किक सोच को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास करें, ताकि अगली समीक्षा तक इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दें।
सीईओ ज्योति शर्मा ने कहा कि आगामी बैठक में स्कूलों में हुए जमीनी बदलावों की समीक्षा की जाएगी। आगामी बैठक में मुख्य रूप से कक्षा स्तर पर हुए वास्तविक परिवर्तन, बच्चों तक पाठ्यपुस्तकों की पहुँच और अधिकारियों द्वारा किये गये निरीक्षणों की समीक्षा की जाएगी।




Comments
Post a Comment