गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
भारत सागर न्यूज/देवास। संस्था युवा राधे द्वारा चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं उपचार को लेकर रैली निकालकर जिला कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग करते हुए गौवंश की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
गवली मोहल्ला स्थित राधा कृष्ण मंदिर से संस्था के सभी सदस्यों ने रैली शुरू की और गौ माता को साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां ज्ञापन सौपा। ज्ञापन में कहा गया कि घायल एवं निराश्रित गौवंश के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित गौशालाओं की व्यवस्था की जाए। साथ ही शासकीय पशु चिकित्सालयों में उपचार की समुचित सुविधा, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गौवंश के त्वरित उपचार के लिए विशेष गौ एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ करने की भी मांग की गई। इसके अलावा गौवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाने तथा गौ संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण के लिए समाज और शासन दोनों को मिलकर ठोस एवं प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता है। ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की गई।



Comments
Post a Comment