बालिका स्कूलों को शहर से दूर शिफ्ट करने पर हंगामा, छात्राओं और अभिभावकों ने कलेक्टर कार्यालय पर बोला धावा

 





भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा।उज्जैन में शहर के प्रमुख बालिका विद्यालयों को दाऊदखेड़ी स्थानांतरित करने के प्रशासनिक प्रस्ताव के खिलाफ अब छात्राओं, पालकों और शिक्षकों का गुस्सा खुलकर सड़क पर आ गया है। बड़ी संख्या में स्कूल ड्रेस में पहुंची छात्राओं और अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर इस तुगलकी फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि स्कूल को शहर से इतनी दूर ले जाने से न केवल मासूम बच्चियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराएगा, बल्कि उनकी रोजमर्रा की पढ़ाई और स्कूल में उपस्थिति भी बुरी तरह प्रभावित होगी।




सराफा कन्या विद्यालय और महाकाल मैदान स्कूल समेत अन्य शासकीय विद्यालयों को दाऊदखेड़ी शिफ्ट किए जाने के विरोध में आक्रोशित लोग एसडीएम एल.एन. गर्ग के पास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। आठवीं कक्षा की छात्रा काजल माली ने दर्द बयां करते हुए कहा कि पढ़ाई के मंदिर शहर से बाहर करने से हम बेटियों का रोज का सफर बेहद कठिन हो जाएगा, जिससे हमारी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा। आंदोलनकारियों का तर्क है कि अप्रैल महीने से ही इस फैसले का विरोध चल रहा है, क्योंकि सुदूर इलाकों और गांवों से आने वाली छात्राओं के लिए नए स्थान तक पहुंचना किसी संघर्ष से कम नहीं होगा, जो कि शिक्षा के नियमों और प्रावधानों के भी खिलाफ है।




बढ़ते विरोध को देखते हुए मामले की गंभीरता को भांपते हुए एसडीएम एल.एन. गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि छात्राओं और अभिभावकों की इन तमाम आपत्तियों और चिंताओं को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी से इस पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और सभी पहलुओं को परखने के बाद छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और हित को ध्यान में रखते हुए ही कोई ठोस तथा व्यावहारिक निर्णय लिया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा