विश्व युवा कौशल दिवस पर जिला जेल में कौशल संवाद आयोजित, कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
भारत सागर न्यूज/देवास। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान देवास एवं जिला जेल देवास के संयुक्त तत्वावधान में जिला जेल परिसर में कौशल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेल अधीक्षक विद्या प्रसाद भूषण ने कहा कि सभी बंदियों को जेल में उपलब्ध कौशल प्रशिक्षण पूरी ईमानदारी और लगन से प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल की अवधि पूर्ण होने के बाद यही प्रशिक्षण उन्हें सम्मानपूर्वक जीवनयापन और रोजगार प्राप्त करने में सहायक बनेगा। कौशल विकास जीवन को नई दिशा देने के साथ परिवार का भविष्य भी उज्ज्वल बनाता है।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मेहरड़े ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। प्रत्येक व्यक्ति यदि कोई न कोई कौशल सीख ले तो वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकता है तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है। उन्होंने बताया कि जिला जेल में बंदियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं हेल्पर वायरमैन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसमें बंदी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के विशेष अतिथि अनिल कुमार दुबे ने जिला जेल में पूर्व में संचालित ब्यूटी कल्चर प्रशिक्षण के सकारात्मक परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली कई महिला बंदियों ने जेल से बाहर आने के बाद स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करना प्रारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी बंदी प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं। जेल सुधार एवं बंदी पुनर्वास की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बंदियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सीखी जा रही नई तकनीकों, उनके व्यावहारिक उपयोग तथा भविष्य में स्वरोजगार स्थापित करने की अपनी योजनाओं की जानकारी उत्साहपूर्वक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विजय सिंह बारिया (प्रमुख प्रहरी), पूर्णिमा बाऊस्कर, मनीषा मालवीय, मोनिका बरेठा, सीताराम मालवीय एवं मोहित मेहरड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश रेकवाल ने किया।





Comments
Post a Comment