खाटू श्याम धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए बाबा श्याम के दर्शन
भारत सागर न्यूज/ देवास। अमृत नगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे मंदिर परिसर में "हारे के सहारे, खाटू वाले श्याम हमारे" एवं "जय श्री श्याम" के जयघोष गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। इस अवसर पर शीश के दानी बाबा खाटू श्याम का आकर्षक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। बाबा को 56 व्यंजनों का भव्य भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए पवित्र ज्योत दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई।
इसके बाद आयोजित भोग आरती में बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए और भाव-विभोर होकर श्याम वंदना की। भजन संध्या में गायक हिमांशु विजयवर्गीय, राधा ठाकुर एवं वी मंडल ने मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
शाम 7:30 बजे बाबा खाटू वाले की भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ आरती कर आध्यात्मिक वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। महाआरती एवं आयोजन में प्रमुख रूप से श्याम शर्मा, राजीव खंडेलवाल, राजेश यादव, जुगनू गोस्वामी, अर्जुन चौधरी, नरेंद्र मुंद्रा, अमित पंडित, प्रदीप माहेश्वरी, गजेंद्र सोनी, हरिओम उपाध्याय, सुनील गोयल, विक्रम शर्मा, जितेंद्र तिवारी, सचिन, सुमित वर्मा, शुभम सहित हजारों श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।




Comments
Post a Comment