कृति न्यूट्रस सोया के तौल कांटे पर कम तौल का आरोप, नेशनल यूनिटी ग्रुप ने निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

 


भारत सागर न्यूज/देवास। सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप ने देवास के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृति न्यूट्रस सोया में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) से भरे टैंकरों की तौल में अनियमितता का आरोप लगाते हुए नापतोल विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संस्था के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि 22 जुलाई को कंपनी में आने वाले क्रूड ऑयल से भरे टैंकरों के वाहन चालकों ने शिकायत की कि कंपनी के तौल कांटे पर वजन कम दर्शाया जा रहा है। 




उनका दावा है कि एक टैंकर का वजन बालाजी तौल कांटा पर 46,300 किलोग्राम दर्ज हुआ, जबकि उसी टैंकर का वजन कृति न्यूट्रस सोया के तौल कांटे पर 46,170 किलोग्राम पाया गया। यानी दोनों तौल कांटों के वजन में 130 किलोग्राम का अंतर सामने आया। संस्था का कहना है कि वाहन चालकों के अनुसार कई मामलों में 3 से 4 क्विंटल तक वजन कम दर्शाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कृषि उपज मंडी के कुछ व्यापारियों द्वारा भी अनाज की तौल में गड़बड़ी की शिकायतें की जाती रही हैं।




 नेशनल यूनिटी ग्रुप ने मांग की है कि नापतोल विभाग यह स्पष्ट करे कि दोनों तौल कांटों में से कौन-सा सही है और यदि किसी तौल कांटे में तकनीकी गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संस्था का कहना है कि तौल में अंतर के कारण वाहन चालकों और संबंधित पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे अनावश्यक परेशानियां बढ़ती हैं। इस संबंध में नेशनल यूनिटी ग्रुप ने नापतोल विभाग, देवास के निरीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर शहर में संचालित तौल कांटों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।



 संस्था के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की जानकारी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया को भी दूरभाष पर दी गई है। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में अनियमितता अथवा धोखाधड़ी के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग नेशनल यूनिटी ग्रुप के अनिल सिंह ठाकुर, जितेंद्र मारू, जय सिंह, सत्यराज सिंह ठाकुर, लक्ष्मण सिंह सिसोदिया, नानूराम लोहाना, यश सोनी, गुड्डू मसाले वाला सहित अन्य सदस्यों ने भी की है।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा