कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

 



भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले मंगलवार को जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने नारेबाजी करते हुए जिला अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री, मध्य प्रदेश शासन के नाम कलेक्टर को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में किसानों ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किए जाने पर किसानों ने भीषण गर्मी में भारी लागत लगाकर ग्रीष्मकालीन मूंग का उत्पादन किया, लेकिन सरकार केवल लगभग 25 प्रतिशत उपज ही समर्थन मूल्य पर खरीद रही है।




 शेष उपज मंडियों में बेचने पर किसानों को प्रति क्विंटल 2,000 से 3,000 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य पर करने की मांग की। इसके अलावा किसानों ने प्रदेश के सभी किसानों की एकमुश्त कर्जमाफी, हरदा में मूंग उपार्जन आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज एफआईआर निरस्त करने, कन्नौद, खातेगांव एवं सतवास क्षेत्र में यूरिया, डीएपी व एनपीके उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, टोकन व्यवस्था में सुधार, एसएसपी उर्वरक खरीद की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सभी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी या भावांतर योजना से जोड़ने की मांग की। 




ज्ञापन में बिजली कटौती एवं लोड सेटिंग तत्काल बंद करने, खराब ट्रांसफार्मरों को बिजली विभाग द्वारा बदलने, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत केबल की व्यवस्था, किसानों को लगातार 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, खातेगांव तहसील में जिला सहकारी बैंक की तीन नई शाखाएं खोलने, अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा देने, नर्मदा सिंचाई योजना से छूटे गांवों को जोड़ने तथा कन्नौद तहसील में नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान किसानों की अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की जांच कर उचित कार्रवाई करने की भी मांग की गई।




 किसानों ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान मुकेश बांगड़वा (तहसील अध्यक्ष, सतवास), रामभरोस पटेल (युवा जिला अध्यक्ष, डेहरिया), देवीलाल जाट (संभाग अध्यक्ष, अमोद), संदीप पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष, हाटपिपल्या), देवा गुर्जर (ब्लॉक अध्यक्ष, देवास), ललित रल्या (तहसील अध्यक्ष, खातेगांव), मनोहर सिंह मीणा (तहसील अध्यक्ष, कन्नौद), मनोहर सिंह सेंधव (तहसील अध्यक्ष, सोनकच्छ), शिवप्रसाद विश्वकर्मा (जिला कार्यकारिणी सदस्य), नारायण पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष, नेमावर), शंकर जाट (जिला सचिव), श्याम सिंह यादव (देवास तहसील सचिव), भूरा पटेल (कन्नौद सह सचिव) सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा