कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने जिला अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को निरस्त करने, सभी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने तथा किसानों की कर्जमुक्ति सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में किसानों ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील से देश के किसानों के हित प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि यदि विदेशों से करमुक्त और सब्सिडी युक्त कृषि उत्पादों का आयात बढ़ा तो भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान जीएसटी सहित विभिन्न लागतों के साथ उत्पादन करता है, जबकि विदेशी किसान बड़े कृषि क्षेत्र और सब्सिडी का लाभ लेते हैं।
ऐसे में दोनों के बीच प्रतिस्पर्धा भारतीय किसानों के लिए नुकसानदायक साबित होगी। किसानों ने केंद्र सरकार से ट्रेड डील पर पुनर्विचार कर इसे निरस्त करने तथा किसानों के हित में निर्णय लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो देशभर में किसान आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।
प्रदर्शन के दौरान मुकेश बांगड़वा (तहसील अध्यक्ष, सतवास), चुन्नीलाल नागर (तहसील अध्यक्ष, बागली), पंकज गुर्जर (खीरोदा), रामभरोस पटेल (युवा जिला अध्यक्ष, डेहरिया), देवीलाल जाट (संभाग अध्यक्ष, अमोद), संदीप पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष, हाटपीपल्या), देवा गुर्जर (ब्लॉक अध्यक्ष, देवास), ललित रल्या (तहसील अध्यक्ष, खातेगांव), मनोहर सिंह मीणा (तहसील अध्यक्ष, कन्नौद), मनोहर सिंह सेंधव (तहसील अध्यक्ष, सोनकच्छ),
शिवप्रसाद विश्वकर्मा (जिला कार्यकारिणी सदस्य), नारायण पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष, नेमावर), शंकर जाट (जिला सचिव), श्याम सिंह यादव (देवास तहसील सचिव) तथा भूरा पटेल (कन्नौद सह सचिव) सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।





Comments
Post a Comment