नवोदय विद्यालय के दो छात्र तालाब में डूबे,रेस्क्यू टीम ने दोनों के शव निकाले...
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। जिले के घट्टिया तहसील में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां के जवाहर नवोदय विद्यालय से सोमवार शाम लापता हुए दो छात्रों के शव मंगलवार को विद्यालय के पास स्थित तालाब से बरामद हुए। यहाँ एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चला कर तालाब से शव बरामद किए है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दरअसल पूरा मामला इस प्रकार है कि विद्यालय परिसर में परिजनों के साथ ही रहने वाले 15 वर्षीय प्रज्ञान और 14 वर्षीय रोशन बरेठा सोमवार शाम से गायब हो गए। परिजन और स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, देर रात से ही तलाश शुरू कर दी गई। सुबह पास ही के तालाब में प्रज्ञान का शव मिला। इसके बाद तत्काल एसडीआरएफ को सूचना दी गई और तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया जहां दोपहर को रोशन बरेठा का भी शव बरामद कर लिया गया।
घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों छात्र विद्यालय परिसर से बाहर कैसे पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।मामले में घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि दोनों बच्चे विद्यालय स्टाफ के हैं। प्रारंभिक जांच में संभावना है कि दोनों सोमवार शाम करीब 6 बजे तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है।
वहीं एसडीएम राजाराम करजरे का कहना है कि बच्चे कल शाम से गायब थे। परिजन विद्यालय परिसर में ही रहते हैं। पास के तालाब से एक बच्चे का शव दिखा। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर दूसरे बच्चे का शव बरामद कर लिया है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।




Comments
Post a Comment