मुख्यमंत्री मोहन यादव का उज्जैन दौरा: पुलिस को पदोन्नति की सौगात, सदावल आंगनवाड़ी को बताया भविष्य की नींव




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/ संजय शर्मा। मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को अपने व्यस्त कार्यक्रमों के सिलसिले में हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे। हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। दौरे की शुरुआत बेहद उत्साहजनक रही, जहाँ हेलीपैड पर ही पुलिस विभाग के पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। पुलिस बैंड की गूंजती धुन के बीच मुख्यमंत्री ने पदोन्नत पुलिस कर्मियों के कंधे पर सितारे लगाकर उन्हें पदोन्नति की बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री के इस सहज और स्नेहिल व्यवहार ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों का मनोबल बढ़ाने का काम किया।









हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे सदावल स्थित 'स्वेज फार्म सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र' पहुंचे। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के सर्वांगीण विकास की सच्ची पाठशाला करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार छोटे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए कृतसंकल्पित है, जिसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर पक्के भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण जैसी आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएसआर फंड के सहयोग से तैयार इस आदर्श केंद्र की व्यवस्थाओं को देख मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।




कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत परिसर में विभिन्न छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को झूला झुलाया और लाड़-दुलार करते हुए पोषण आहार के पैकेट वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र और मातृ-वंदना योजना की हितग्राहियों को लाभ का वितरण किया।









 मंच पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रशासन और सामाजिक सरोकार के इन आयोजनों के साथ मुख्यमंत्री का यह दौरा उज्जैन के सर्वांगीण विकास के संकल्प को नई दिशा देने वाला रहा।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा