महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय, देवास में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन
भारत सागर न्यूज/देवास। महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय, देवास में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर के सहयोग से छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों की ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन (एचबी), ईसीजी तथा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया। डॉ. आनंद यादव (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी, जबकि डाइटिशियन कन्हैया चौरसिया (न्यूट्रिशन कंसल्टेंट) ने संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। शिविर के दौरान छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं आयरन युक्त आहार लेने, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा विभिन्न रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर के संचालन में अनिल शर्मा (सीएसआर मैनेजर, मेदांता फाउंडेशन) का विशेष सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त स्टाफ नर्स खुशबू, सुरैया बानो एवं पूजा साहू, डेटा एंट्री ऑपरेटर रजत चतुर्वेदी, पीएफटी तकनीशियन शिवम पटेल तथा जीडीए स्टाफ मनीष चावले ने अपनी सेवाएँ प्रदान कर शिविर को सफल बनाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. घनश्याम दास सोनी ने मेदांता फाउंडेशन, इंदौर की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, रोगों की समय पर पहचान करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. घनश्याम दास सोनी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय टास्क फोर्स (एनटीएफ) समिति की सदस्य प्रो. दीपांविता गांगुली एवं डॉ. लोकेश जारवाल तथा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने मेदांता फाउंडेशन, इंदौर की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।




Comments
Post a Comment