तीन दिवसीय समागम के चार सत्रों में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ व्यापक मंथन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास एवं कबीर भजनों की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र

 



भारत सागर न्यूज/देवास। इन्फॉर्म ह्यूमन – मीडिया प्रोडक्शन हाउस के तत्वावधान में मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी स्थित होटल हाईलैंड में 19 से 21 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय 'सत्य उदय समिट-2026' का सफलतापूर्वक एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। लगभग 80 प्रतिभागियों की सहभागिता वाले इस समागम में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, चिंतकों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने समाज और राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद किया।



 समिट के दौरान आयोजित चार प्रमुख सत्रों में वास्तु, ज्योतिष, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अनेक महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विषयों पर अनुभव, ज्ञान एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण साझा करते हुए समाज, राष्ट्र निर्माण, मानवीय मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली, जनजागरण, सामाजिक समरसता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।




प्रतिभागियों ने भी विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपने प्रश्न रखे और उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त किया। समिट का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच रचनात्मक संवाद स्थापित करना, जनहित के विषयों पर गंभीर विमर्श को प्रोत्साहित करना तथा सकारात्मक विचारों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता को सशक्त बनाना रहा। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में विचारों के आदान-प्रदान के साथ-साथ अनुभवों की साझेदारी और भविष्य की संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा हुई। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समिट में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। 



योग सत्र के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया गया। समिट के सांस्कृतिक सत्र में प्रस्तुत कबीर भजनों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को भारतीय संत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं मानवीय मूल्यों का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम की इस प्रस्तुति को सभी ने सराहा। आयोजन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया। सम्मान समारोह ने समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति एवं जनजागरण के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मानित करते हुए आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। समापन सत्र में सभी प्रतिभागियों ने मिलकर बेहतर समाज निर्माण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन सामूहिक प्रयास, जनसहभागिता, संवेदनशीलता और सतत संवाद से ही संभव है। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इन्फॉर्म ह्यूमन के संस्थापक राजेश व्यास ने समिट की सफलता के लिए सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 'सत्य उदय समिट' का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए विचारों का एक सशक्त मंच तैयार करना है। संस्था भविष्य में भी समाजहित, रचनात्मक संवाद, सकारात्मक मीडिया एवं जनजागरण से जुड़े ऐसे आयोजनों का आयोजन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि समिट में प्रस्तुत सभी वक्ताओं के विचारों एवं प्रमुख सत्रों का विस्तृत संकलन शीघ्र ही इन्फॉर्म ह्यूमन के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर क्रमबद्ध रूप से जारी किया जाएगा। 



इसके साथ ही समिट की प्रमुख गतिविधियों, वक्ताओं के विचारों, विशेष आलेखों एवं यादगार क्षणों को समाहित करते हुए "विरासत" स्मारिका के संपादन कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। गौरतलब है कि "विरासत" स्मारिका का भव्य विमोचन भविष्य में राजस्थान में आयोजित किए जाने वाले एक विशेष समारोह में किया जाएगा। समारोह की तिथि एवं स्थान की घोषणा उपयुक्त समय पर की जाएगी। 'सत्य उदय समिट-2026' ने यह संदेश दिया कि जब समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोग एक मंच पर आकर ज्ञान, अनुभव और विचारों का आदान-प्रदान करते हैं, तो संवाद से समाधान, सहयोग से विश्वास और सामूहिक प्रयास से बेहतर समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी सकारात्मक संकल्प के साथ तीन दिवसीय समिट का सफल समापन हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा