उज्जैन में दो दर्दनाक सड़क हादसे, इलेक्ट्रिशियन और किसान की मौत

भारत सागर न्यूज उज्जैन । शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक इलेक्ट्रिशियन और एक किसान की मौत हो गई। दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों की टक्कर से हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना आगर रोड स्थित गायत्री नगर टर्न की है।

काजीपुरा निवासी 35 वर्षीय संतोष बिलाला पिता मुंशीलाल बिलाला, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था, रात में काम से साइकिल से घर लौट रहा था। उसके भाई सुरेश बिलाला ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे गायत्री नगर टर्न पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने संतोष की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

फुटेज में एक तेज रफ्तार ट्राला गुजरता हुआ दिखाई दिया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। संतोष विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। दूसरी घटना सोडंग रोड की है।

सोडंग निवासी 38 वर्षीय अनिल देपन पिता नाथूसिंह देपन अपनी इलेक्ट्रिक बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान मेन रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अनिल के भाई श्रवण ने बताया कि वह खेती करता था और उसके चार बच्चे हैं।
दोनों मामलों में पुलिस अज्ञात वाहन चालकों की तलाश कर रही
है।

Comments
Post a Comment