उज्जैन में घर के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित जूना अखाड़ा चौराहे पर दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। घर के बाहर लोकेश गौरकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें बचाने पहुंचे उनके भाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि नीलगंगा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरकर और पासी पक्ष के बीच होली के समय एक विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसी पुराने विवाद के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से बल प्रयोग हुआ है और फायरिंग होने की बात भी सामने आई है।



उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है। पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना में एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी मिली है। फिलहाल किसी आरोपी के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा