दिव्य योग संस्थान ने निकाली पौधारोपण कांवड़ यात्रा 100 से अधिक पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भारत सागर न्यूज/देवास। सावन माह के पावन अवसर पर दिव्य योग संस्थान द्वारा रविवार सुबह 7 बजे भव्य पौधरोपण कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व योग गुरु राजेश बैरागी ने किया। धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को साथ लेकर निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कांवड़ यात्रा की शुरुआत क्षिप्रा से हुई। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर रामपुर, संजय नगर, बावडिय़ा, विकास नगर, कैलादेवी चौराहा, मैनाश्री कॉम्प्लेक्स चौराहा, गुरुद्वारा एवं भोपाल चौराहा होते हुए बिलावली पहुंचे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ भक्ति और उत्साह का वातावरण बनाए रखा। बिलावली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में कांवड़ के जल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी ग्रहण की, जिसके साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। योग गुरु राजेश बैरागी ने कहा कि वृक्षारोपण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। पूरे मार्ग में स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने कांवड़ यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, जलपान एवं अभिनंदन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती यह पौधरोपण कांवड़ यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।



Comments
Post a Comment