वन विभाग की कार्रवाई पर किसान ने उठाए सवाल 12 बीघा फसल नुकसान का आरोप

 

भारत सागर न्यूज/देवास। बागली तहसील के कमलापुर रेंज अंतर्गत ग्राम करौंदिया बुरानिया बिट में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आया है। किसान गोवर्धन पिता गब्बूलाल चौहान ने आरोप लगाया है कि उनका परिवार पिछले करीब 25 वर्षों से संबंधित भूमि पर खेती कर रहा है, लेकिन गांव के कुछ लोगों की शिकायत के बाद केवल उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है। 




किसान के अनुसार 3 अगस्त 2026 को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान उनकी करीब 12 बीघा में लगी सोयाबीन, तुअर और मूंगफली की फसल तथा खेत की बाड़ को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई में निजी जेसीबी का उपयोग किया गया। गोवर्धन चौहान का कहना है कि गांव में अन्य स्थानों पर भी वन भूमि से जुड़े विवाद या कथित अतिक्रमण हैं, लेकिन वहां इस तरह की कार्रवाई नहीं की गई। 




इसे लेकर उन्होंने चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। किसान ने बताया कि उनके पास घटना से संबंधित फोटो, वीडियो और वन अपराध प्रकरण के दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिन्हें वे जांच में प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कलेक्टर, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ), वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) एवं मध्यप्रदेश शासन से फसल नुकसान का आकलन कराने, कार्रवाई की वैधानिकता की जांच करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा