बड़नगर में पारदी गैंग का पर्दाफाश, 14 टायर सहित 9.10 लाख का माल बरामद




भारत सागर न्यूज/बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर में पुलिस ने टायर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली पारदी गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 14 टायर, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की पिकअप वाहन बरामद किया है। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय टायर दुकानों की रैकी करते थे और रात में शटर उचकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। बड़नगर के रुनिजा रोड स्थित टायर दुकान में 9-10 अगस्त की मध्यरात्रि चोरी की वारदात हुई थी। दुकान संचालक शांतिलाल की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 452/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक कमलेश सिंघार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी में इस्तेमाल सफेद रंग की पिकअप वाहन का सुराग पुलिस के हाथ लगा।



इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की सफेद पिकअप रुनिजा रोड से बड़नगर की ओर आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने पिटलावदिया फंटे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसमें सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम संतोष पिता बरबरिया पारदी, उम्र 44 वर्ष, निवासी सिमलावदा, थाना बिलपांक, जिला रतलाम तथा अर्जुन पिता भुरालाल पारदी, उम्र 32 वर्ष, निवासी सिमलावदा, थाना बिलपांक, जिला रतलाम बताया।


पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने टायर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम सिमलावदा के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे 14 टायर, कीमत करीब 4 लाख रुपये, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन, कीमत करीब 5 लाख रुपये बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड प्राप्त हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़ी अन्य चोरी की वारदातों तथा संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा