1551 कलश के साथ निकली जलाभिषेक यात्रा, बाबा महाकाल का हुआ अभिषेक झरनेश्वर महादेव से बिलावली तक निकली भव्य यात्रा, रास्तेभर पुष्पवर्षा और फलाहार से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत





भारत सागर न्यूज/देवास। श्रावण मास के पावन अवसर पर संस्था जय महादेव, ग्राम सिंदनी द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 5वें वर्ष भव्य मातृशक्ति कलश यात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। विधायक डॉ. राजेश सोनकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों माताओं, बहनों एवं शिवभक्तों ने सहभागिता कर भगवान महाकाल के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। यात्रा का शुभारंभ झरनेश्वर महादेव, टोंकखुर्द से हुआ। कलश यात्रा विभिन्न ग्रामों से होती हुई बाबा महाकाल की पुण्यस्थली ग्राम बिलावली पहुंची, जहां 1551 कलशों के पवित्र जल से भगवान महाकाल का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया गया। 




यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। यात्रा संयोजक कन्हैया कुमावत ने बताया कि संस्था जय महादेव एवं विधायक डॉ. राजेश सोनकर की ओर से यात्रा में शामिल सभी मातृशक्तियों को 1551 कलश एवं नारियल नि:शुल्क वितरित किए गए। यात्रा का संचालन संस्था सचिव राहुल परमार ने किया। संस्था अध्यक्ष हिम्मत सिंह चावड़ा ने बताया कि यात्रा कन्हेरिया, नांदेल, फतेहपुर खेड़ा, जनौली बुजुर्ग, सिंदनी, राबडिय़ा और दुर्गापुरा सहित विभिन्न ग्रामों से होकर बिलावली पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, फलाहार एवं जलपान कर स्वागत किया गया। 




यात्रा के सह-संचालक तरुण पटेल ने बताया कि यात्रा के दौरान मंडल अध्यक्ष अनिल चावड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंदल, युवा मोर्चा जिलामंत्री राहुल मालवीय, शेखर कुमावत, राजेश सोलंकी, उपसरपंच सुनील जाटवा तथा अजय कुमावत (दुर्गापुरा) ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। धर्मयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था राम-राम के संस्थापक शैलेंद्र सिंह पवार, जिला पंचायत सदस्य रूपसिंह धाकड़ एवं मंडल अध्यक्ष अनिल चावड़ा उपस्थित रहे। यात्रा के सफल आयोजन में सरपंच मुकेश चौधरी (राबडिय़ा), लालसिंह पटेल (नांदेल), धर्मेंद्र सिंह पवार (फतेहपुर खेड़ा), ललित दुबे (कन्हेरिया) तथा संस्था जय महादेव के सभी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था के उपाध्यक्ष कमल सिंह चावड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा