जर्जर सड़क को लेकर 16 अगस्त को पैदल मार्च, शिप्रा में सौंपा जाएगा ज्ञापन
भारत सागर न्यूज/देवास। जिले के बड़ाटीगरिया से शिप्रा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी सड़क की जर्जर हालत को लेकर युवा किसान संगठन के नेतृत्व में 16 अगस्त को विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। पैदल मार्च प्रातः 9 बजे बड़ाटीगरिया से प्रारंभ होकर दोपहर 12 बजे शिप्रा पहुंचेगा।
इसके बाद संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों की समस्या दूर करने तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग की जाएगी। युवा किसान संगठन के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य रविंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पैदल मार्च में शामिल होकर सड़क निर्माण की मांग को मजबूती देने की अपील की है।



Comments
Post a Comment