भारतीय किसान संघ देवास का किसानों के हित में निर्णायक संघर्ष का ऐलान 19 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय का घेराव
भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत देवास की जिला बैठक मंडी क्रमांक-1 के सभा कक्ष में जिलाध्यक्ष हुकुमचंद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ संगठन की रीति-नीति के अनुसार ध्वजारोहण, भगवान बलराम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संचालन जिलामंत्री शेखर पटेल ने किया। बैठक में मालवा प्रांत कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य रामप्रसाद सूर्या ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए बताया कि 30 सितंबर 2026 को दिल्ली में अखिल भारतीय महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक लाख महिलाओं की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने देवास जिले से अधिक से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर व्यापक प्रयास करने का आह्वान किया। जिला प्रभारी आनंद आंजना ने इंदौर के रामबाग में निर्माणाधीन प्रांत कार्यालय के लिए अब तक हुए धन संग्रह की जानकारी ली। साथ ही संगठन के रचनात्मक कार्यों के तहत किए जा रहे पौधारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई।
राहत और बीमा क्लेम के लिए अब सड़क पर उतरेगा किसान संघ-
बैठक में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर गंभीर और तीखी चर्चा हुई। रबी सीजन में हुई ओलावृष्टि से हाटपीपल्या, बागली, सोनकच्छ सहित अनेक क्षेत्रों में किसानों की फसलें बर्बाद हुईं, लेकिन लंबे समय बाद भी प्रभावित किसानों को राहत राशि नहीं मिल पाई है। दूसरी ओर खरीफ 2025 के फसल बीमा क्लेम में भी बीमा कंपनी की कार्यप्रणाली और क्लेम वितरण को लेकर किसानों में भारी असंतोष है। उज्जैन संभाग अध्यक्ष दशरथ पांड्या ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अब जिला स्तर पर प्रभावी और निर्णायक आंदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है।
इस पर बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में निर्णय लिया कि अब किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए केवल आवेदन और निवेदन तक सीमित नहीं रहेगा। संगठन किसानों के बीच जाकर उन्हें जागरूक करेगा और उनके हक की लड़ाई सड़क से लेकर प्रशासन तक मजबूती से लड़ेगा। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को देवास कलेक्टर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन एवं घेराव करने का निर्णय लिया गया है। भारतीय किसान संघ ने जिले के प्रभावित किसानों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी एकजुटता दिखाने तथा राहत राशि और उचित फसल बीमा क्लेम के लिए अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया है। जानकारी प्रचार प्रमुख राकेश जाट ने दी।



Comments
Post a Comment