21 जरूरतमंद छात्र छात्राओं को कंप्लीट स्कूल बैग वितरण सम्पन्न
भारत सागर न्यूज/देवास। शब्द सरगम कला एवं सामाजिक कल्याण समिति देवास के सचिव प्रखर शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक 3000 बच्चों को कंप्लीट स्कूल बैग वितरित करने के पश्चात इस वर्ष भी जिले के 42 शासकीय विद्यालयों के 421 बच्चों को कंप्लीट स्कूल बैग वितरित किए गए। बैग में 5 कॉपियां,कंपास बॉक्स,पेन पैकेट,कलर पेंसिल,पेंसिल पैकेट,ड्राइंग बुक आदि सामग्री सम्मिलित थी। साथ ही संस्था द्वारा महारानी चिमनाबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 5 बालिकाएं जिनके माता पिता नहीं है,दिव्यांगता से ग्रसित हैं ,तथा आर्थिक स्थिति अत्यंत कमज़ोर है,की वार्षिक फ़ीस 11,210 का भुगतान किया गया।
उपरोक्त कार्यक्रम स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत में शिक्षिका नीलम पटेरिया की छात्राओं द्वारा सामूहिक सरस्वती वंदना की प्रस्तुति हुई ,तत्पश्चात आए हुए समस्त अतिथियों का स्वागत तुलसी पौधों द्वारा संस्था के विभिन्न पदाधिकारियो संजय सरल,महेश सोनी,मनीष उपाध्याय,दुर्गेश यादव,योगेश गुजराती,धर्मेंद्र अग्रवाल,मंजू मालवीय,दिलीप यादव द्वारा किया गया।
उपरोक्त कार्यक्रम में 42 स्कूल के शिक्षक गण,एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से महाराष्ट्र समाज देवास का सहयोग अति सराहनीय रहा। इसी के साथ संध्या काल में संगीतमयी आयोजन किया गया जिसमें देवास के गायक गायिकाओं ने एक से बढ़कर गीत गाकर श्रोताओं की खूब दाद बटोरी। संस्था अध्यक्ष संजय सरल द्वारा आए हुए समस्त अतिथिगण, शिक्षकों ,बच्चों, गायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।



Comments
Post a Comment