रक्षाबंधन पर बंदियों को बहनों से राखी बांधने की सुविधा 28 अगस्त को जिला जेल देवास में होगी प्रत्यक्ष मुलाकात, जेल प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
भारत सागर न्यूज/देवास। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिला जेल देवास में निरुद्ध बंदियों को उनकी बहनों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर राखी बांधने की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह व्यवस्था 28 अगस्त 2026 को जेल गेट पर की जाएगी। जिला जेल अधीक्षक विद्या प्रसाद भूषण ने बंदियों के परिजनों की सुविधा एवं जेल की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देश के अनुसार पुरुष बंदियों से मुलाकात एवं राखी बांधने के लिए केवल परिवार की महिला सदस्यों तथा 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही जेल गेट के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। बहने भाइयो को रक्षासूत्र बांधने के लिए सिर्फ राखी लेकर जाएं। मिठाई व नारियल जेल परिसर मे लगी दुकानों से क्रय कर सकेगी।
बंदियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए बाहर से क्रय की गई मिठाई एवं नारियल वर्जित होगा। मुलाकात की अधिकतम अवधि 10 मिनट निर्धारित की गई है। मुलाकात के लिए पंजीयन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। परिजनों को पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता परिचय पत्र, पैन कार्ड आदि में से किसी एक दस्तावेज की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल, पर्स, नगद राशि एवं अन्य कीमती सामान जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परिजनों को वाहन भी जेल परिसर के बाहर व्यवस्थित रूप से खड़े करने होंगे। जेल प्रशासन के अनुसार बाहर से मिठाई, नारियल आदि जेल के अंदर लाने की अनुमति नहीं होगी। यदि परिजन मिठाई या नारियल देना चाहते हैं तो ये वस्तुएं जेल अधिकारी/कर्मचारी कैंटीन सहकारी समिति, देवास के माध्यम से निर्धारित कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
राखी बांधने के लिए जेल प्रशासन द्वारा पूजा की थाली उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें हल्दी, चावल, कुमकुम आदि सामग्री रहेगी। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक बंदी को केवल एक बार ही मुलाकात दी जाएगी। नगद रुपए देना या लेना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। तलाशी के दौरान किसी प्रकार की अवैध सामग्री मिलने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जेल प्रशासन ने सभी परिजनों से तलाशी प्रक्रिया में सहयोग करने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



Comments
Post a Comment