300 से अधिक मरीजों ने लिया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ, गंभीर मरीजों का इंदौर में होगा मुफ्त इलाज
भारत सागर न्यूज/देवास। विधायक गायत्रीराजे पवार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न वार्डों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के तहत बुधवार को शिव कुंज धाम मंदिर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, राधागंज में विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस ने बताया कि 12 से 20 अगस्त तक शहर के अलग-अलग वार्डों में लगातार ऐसे शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके। शिविर में एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एवं सेवाकुंज हॉस्पिटल, इंदौर के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. सौरभ गर्गे, डॉ. अंबुज जैन एवं डॉ. यश मदनानी सहित चिकित्सा टीम ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया।
शिविर में 300 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी, शिशु रोग, हड्डी रोग, त्वचा एवं चर्म रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), मानसिक रोग, फिजियोथेरेपी तथा दंत रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। साथ ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी नि:शुल्क की गईं। पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस ने बताया कि जिन मरीजों को गंभीर उपचार या ऑपरेशन की आवश्यकता है, उन्हें एंबुलेंस एवं बस के माध्यम से इंदौर स्थित अस्पताल और रिसर्च सेंटर भेजा जा रहा है। वहां उनका भर्ती होकर उपचार, ऑपरेशन, दवाइयां, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपचार पूर्ण होने के बाद मरीजों को सुरक्षित वापस देवास भी लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों की यह श्रृंखला 20 अगस्त तक जारी रहेगी। आगामी शिविर 14 अगस्त को इटावा एवं पुष्पकुंज कॉलोनी, 15 अगस्त को आवास नगर, 16 अगस्त को रेवा बाग एवं सिल्वर कॉलोनी तथा इसके बाद अमोना, गीता भवन, गंगानगर, भोंसले कॉलोनी, मल्टी क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित किए जाएंगे। पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस ने शहर के समस्त आमजनो से अपील किया कि अधिक से अधिक संख्या में शहर भर में लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लेवे।



Comments
Post a Comment