देवास में 40 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
भारत सागर न्यूज/देवास। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम (आवासीय) का विधिवत समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में देवास ग्रामीण एवं देवास शहरी (देवास दक्षिण तथा देवास नवीन) परियोजनाओं की कुल 40 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सफलतापूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी, कोर्स समन्वयक व परियोजना अधिकारी डॉ. संदीप रूहल तथा मास्टर ट्रेनर्स विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के तकनीकी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यकर्ताओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के डिजिटल संचालन, पोषण ट्रैकर (Poshan Tracker), संपर्क ऐप और ग्रोथ चार्ट के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही केंद्रों के दैनिक एवं प्रभावी संचालन, हितग्राहियों से बेहतर संवाद और आपसी समन्वय स्थापित करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यावहारिक ज्ञान को गहराई से समझने के लिए कार्यकर्ताओं को क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया गया। इसके अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों ने वन स्टॉप सेंटर और पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) सहित अन्य संबंधित शासकीय कार्यालयों का भ्रमण किया। मास्टर ट्रेनर्स ने सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन, सकारात्मक व्यवहार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। मास्टर ट्रेनर के रूप में रचना गौड़, स्नेहा शुक्ला, सीमा चौहान, शैलेश तोमर, संतोष बैरागी और सीमा वर्मा उपस्थित रहे। सेंटर की प्रशासक गीता ठाकुर, एडवोकेट फूलकुवंर तोमर, ब्लॉक मेडिकल ऑफ़िसर डॉक्टर राहुल श्रीवास्तव, डॉ आसिफ़ गौरी, काउंसलर एकता जायसवाल एवं मिशन नींव से संदीप ने शाला पूर्व शिक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तकनीक-मित्र बनाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर हितग्राही-केंद्रित सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बेहद मददगार साबित होगा।




Comments
Post a Comment