होटल के बिल में पानी की बोतल के 40 वसूलने का आरोप, उपभोक्ता आयोग में शिकायत

 



भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के लोहार पिपलिया क्षेत्र स्थित नंदन कानन होटल एंड रेस्टोरेंट में पैकेज्ड पानी की बोतल के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। मामले में शुक्रवारिया हाट निवासी पंकज पिता प्रहलाददास विजयवर्गीय ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, देवास में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 की धारा 35 के तहत शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत के अनुसार, 3 मई 2026 की रात शिकायतकर्ता अपनी धर्मपत्नी के साथ होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्हें टेबल क्रमांक 7 पर भोजन परोसा गया। 




बिल क्रमांक 264 में मलाई कोफ्ता, तीन मिस्सी रोटी और एक पैकेज्ड पानी की बोतल शामिल थी। बिल की राशि 416 रुपए थी, जबकि जीएसटी सहित भुगतान योग्य राशि 437 रुपए दर्ज की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि होटल ने पैकेज्ड पानी की बोतल के लिए 40 रुपए वसूले, जबकि बोतल पर एक्वाफिना ब्रांड का नाम और एमआरपी 20 रुपए अंकित था। शिकायतकर्ता ने जब होटल कर्मचारी से अधिक राशि वसूलने को लेकर सवाल किया तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि नए नियमों के तहत होटल अपनी मर्जी से राशि वसूल सकता है और बिल में दर्ज राशि का भुगतान करना होगा। मामले में उपभोक्ता पंकज विजयवर्गीय की ओर से अधिवक्ता राजीव कोठिया द्वारा होटल प्रबंधन को 6 मई 2026 को सूचना पत्र भी भेजा गया था। पत्र में पानी की बोतल के लिए 40 रुपए लिए जाने का उल्लेख करते हुए 15 दिनों के भीतर मानसिक प्रताड़ना एवं आर्थिक नुकसान की भरपाई करने की मांग की गई थी। परंतु होटल की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।




सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का आरोप-

मामले में शिकायतकर्ता द्वारा 24 अगस्त 2026 को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, देवास में परिवाद प्रस्तुत किया गया। शिकायत में उपभोक्ता ने होटल की इस कार्रवाई को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार बताते हुए उपभोक्ता आयोग से उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में 437 रुपए की राशि, मानसिक परेशानी के लिए 50 हजार रुपए, आर्थिक क्षति के लिए 10 हजार रुपए तथा परिवाद व्यय के रूप में 10 हजार रुपए सहित कुल 70,437 रुपए की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने एक सजग उपभोक्ता होते हुए अपने अधिवक्ता राजीव कोठिया के सहयोग से उपभोक्ता आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर परिवाद दायर कर सुनवाई एवं उचित निर्णय कर न्याय की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा