945 करोड़ का एलिवेटेड कॉरिडोर, सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज
भारत सागर न्यूज/उज्जैन।में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव का दौरा विकास के लिहाज से बेहद अहम रहा। मुख्यमंत्री ने रात में 945 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 5.30 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन किया। वहीं सुबह-सुबह सती गेट से गोपाल मंदिर मार्ग तक पहुंचकर यातायात और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। शहर में चल रहे चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्यों का भी मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। सिंहस्थ-2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए सरकार शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने में जुटी है। इंद्रा नगर चौराहा से नीलगंगा चौराहा तथा निकास चौराहा से इंदौर गेट तक बनने वाला 5.30 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके साथ ही होमगार्ड, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई। सिंहस्थ के लिए 11 हजार 500 होमगार्ड जवानों और 10 हजार आपदा मित्रों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी सिंहस्थ-2028 के लिए करीब 21 हजार 500 सदस्यों का सुरक्षा तंत्र तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आपदा मित्रों को किट और सम्मान-पत्र देकर उनके साहस और सेवा भावना की सराहना की। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उज्जैन दौरे में विकास, यातायात और सुरक्षा—तीनों मोर्चों पर सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को बड़ी रफ्तार देने का संदेश साफ दिखाई दिया।



Comments
Post a Comment