खेत में घुसकर तोड़फोड़, ट्यूबवेल क्षतिग्रस्त व सामान चोरी का आरोप, जहर खाने वाले किसान के परिजनों ने की न्याय की मांग

 



भारत सागर न्यूज/देवास। जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम बुधनगांव में जमीन विवाद के बीच कीटनाशक सेवन करने वाले किसान के परिवार ने अब खेत में घुसकर तोड़फोड़, चोरी और फसल को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि किसान के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान कुछ लोगों ने खेत में घुसकर व्यापक नुकसान किया। किसान शांतिलाल पिता रामसिंह ने विगत दिनों पैतृक भूमि के सीमांकन और नक्शा त्रुटि से परेशान होकर कथित रूप से कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था।




उनका उपचार सिविल लाइन स्थित प्राइम हॉस्पिटल में चल रहा था। किसान के छोटे भाई राजेश ने आरोप लगाया कि बड़े भाई के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान देर रात आकाश गुर्जर, राधे गोविंद और केदार सिंह अपने बच्चों के साथ खेत पर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। आरोप है कि आरोपियों ने खेत में लगा स्टार्टर तोड़ दिया, ट्यूबवेल को क्षतिग्रस्त कर उसका नल उखाड़ दिया तथा खेत से सामान चोरी कर लिया।




इसके अलावा खेत पर बने मकान का दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया और घर के भीतर रखा सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया। गेती और फावड़े सहित अन्य कृषि उपकरण भी गायब बताए गए हैं। परिजनों का यह भी आरोप है कि सीमांकन के आदेश के बाद पड़ोसी किसानों ने विवादित भूमि पर कब्जा कर बुआई कर दी।



उनका कहना है कि जमीन के सीमांकन और नक्शा त्रुटि के निराकरण के लिए लंबे समय से प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे किसान मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों के अनुसार किसान की मानसिक स्थिति अभी भी सामान्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, खेत में हुई तोड़फोड़ और चोरी की जांच कराने तथा पैतृक भूमि के सीमांकन एवं नक्शा त्रुटि का शीघ्र निराकरण कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा